राम राम चिल्लाते दशरथ के पात्र की मौत

0
327

रेहड़ क्षेत्र के गांव हसनपुर में चल रहे रामलीला मंचन के दौरान दशरथ के पात्र का अभिनय कर रहे कलाकार राजेन्द्र सिंह की मृत्यु हो गई। कलाकार की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
दरअसल गांव में प्रतिवर्ष सप्तमी से दशहरा तक स्थानीय कलाकारों द्वारा रामायण के विशेष प्रसंगों का मंचन किया जाता है। जिसमें गांव के पूर्व प्रधान 62 वर्षीय राजेन्द्र सिंह पिछले 20 वर्षों से दशरथ का अभिनय करते आ रहे हैं। इस वर्ष भी वह रामलीला में दशरथ के पात्र का अभिनय कर रहे थे। राम वनवास का दृश्य चल रहा था, पिता की आज्ञा से राम, सीता व लक्ष्मण वन चले गए तथा राजा दशरथ ने मंत्री सुमन्त को इस आशा से भेज दिया कि वो उन्हें वन दिखाकर वापस ले आयेंगे लेकिन मंत्री सुमन को खाली लौटा देखकर राजा दशरथ अपनी भावनाओं पर काबू नही रख पाये तथा राम राम चिल्लाने लगे रामराम कहते कहते ही दशरथ का अभिनय कर रहे राजेन्द्र सिंह अचानक गिर गये। दर्शकों को लगता रहा कि यह अभिनय का ही हिस्सा है लेकिन पर्दा गिरने के बाद भी जब वह नही उठे तो साथी कलाकारों ने उन्हें उठाने का प्रयास किया परन्तु तब तक उनके प्राण निकल चुके थे। बताया जा रहा है कि उनकी मौत हार्ट अटैक के कारण हुई है। रामलीला समिति से जुड़े सदस्य ने बताया कि राजेन्द्र सिंह जन्मजात अभिनय को समर्पित कलाकार थे, उनकी मौत के बाद रामलीला मंचन में उनकी कमी सदैव खलेगी। वहीं राजेन्द्र सिंह की आकस्मिक मौत से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

Leave a Reply