11 हज़ार दीयों से रोशन हुआ गंगा घाट

0
287

दीपावली पर्व के अवसर पर बिजनौर के गंगा बैराज तट पर 3 दिवसीय गंगोत्सव 2021 कार्यक्रम चल रहा है जिसमें आस्था और उल्लास का अनूठा संगम बना हुआ है। गंगा घाट पर प्रज्जवलित किये गये 11000 दीयों की रोशनी ने उत्सव को और मनमोहक बना दिया। गंगोत्सव 2021 कार्यक्रम के दूसरे दिन मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री अशोक कटारिया रहे। इस दौरान परिवहन मंत्री, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित अधिकारियों तथा गणमान्य लोगों द्वारा गंगा आरती और पूजन में भाग लिया गया। कार्यक्रम की शुरूआत छात्र-छात्राओं द्वारा गंगा संरक्षण एवं नमामि गंगे पर शानदार प्रस्तुति के साथ की गई जिसमें क्षेत्र के विभिन्न काॅलेजों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इसके उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य प्रस्तुति दी गई जिससे माहौल भक्तिमय बना रहा। वहीं कार्यक्रम के मंच से गंगा की पवित्रता को बरकरार रखने के लिए स्वच्छता का संदेश भी दिया गया। इस मौके पर परिवहन मंत्री अशोक कटारिया ने कहा कि गंगा का धार्मिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण स्थान है जो जीवन में शिशु के जन्म से अंतिम क्रिया तक महत्व रखता है। वहीं जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि गंगोत्सव के आयोजन का उद्देश्य गंगा के संरक्षण कार्यक्रम में गंगा की स्वच्छता तथा उसकी सांस्कृतिक पहचान को ज्यादा से ज्यादा लोगों के बीच पहुँचाने का है। उन्होंने कहा कि गंगा वास्तव में भारत की प्राचीन सभ्यता, संस्कृति, धार्मिकता और पौराणिकता का भी संरक्षण है। इस दौरान 11000 दीये गंगा तट पर जलाये गये और अतिशबाज़ी के साथ माहौल आनन्दित हो उठा। कार्यक्रम में सीडीओ केपी सिंह, एडीएम वित प्रीति जायसवाल, एडीएम प्रशासन विनय कुमार सहित जनपद के अन्य प्रशासनिक अधिकारी तथा गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply